Breaking News

अटल जन्म शताब्दी समारोह का सात दिवसीय कार्यक्रम सम्पन्न

Spread the love

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित, अटल जी के विचारों को किया गया स्मरण
बदायूं
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय समारोह का समापन राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास बदायूं के सभागार में समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता रहे। उन्होंने जिला स्तरीय भाषण, निबंध एवं काव्य पाठ प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं शासन द्वारा निर्धारित धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने की, जबकि संचालन सांस्कृतिक परिषद के संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन द्वारा लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, विशिष्ट अतिथि प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अखिलेश चौबे, जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव एवं प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा एवं अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अनूप सिंह को 10 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर रहे सुदेश को 5 हजार रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुणाल शर्मा को 2500 रुपए का चेक प्रदान किया गया। अटल जी की जीवनी एवं कविताओं पर आधारित काव्य पाठ प्रतियोगिता में शगुन शर्मा को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 10 हजार रुपए, अरुण सिंह को द्वितीय पुरस्कार 5 हजार रुपए तथा सुमन को तृतीय पुरस्कार के रूप में 2500 रुपए प्रदान किए गए। वहीं माध्यमिक शिक्षा स्तर की निबंध प्रतियोगिता में वशिष्ठ पाल, योगेंद्री कुमारी और सेबी को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि नगर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व इतना विराट था कि न केवल भारत बल्कि विश्व के अनेक लोकतांत्रिक देशों के राजनेता उनसे प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी का सपना मानव कल्याण और मानवता की रक्षा का था, जिसे साकार करना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम अध्यक्ष अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि अटल जी स्वयं में राजनीति विज्ञान का चलता-फिरता संस्थान थे और उन्होंने सुशासन के आदर्शों से कभी समझौता नहीं किया। सांस्कृतिक परिषद के संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि आज के राजनीतिक परिवेश में अटल जी का व्यक्तित्व और कार्यशैली एक आईना है। प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध में विजय और राष्ट्र निर्माण के प्रति अटल विश्वास भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मजबूत आधारशिला है।
समारोह में डॉ. रविन्द्र सिंह यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार, डॉ. बबीता यादव, डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. हुकुम सिंह, डॉ. संजीव राठौर, डॉ. गौरव कुमार सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. दिलीप वर्मा, डॉ. जुनेद आलम, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. प्रेमचन्द चौधरी, डॉ. राशेदा खातून, डॉ. प्रियंका सिंह, संजीव शाक्य, प्रमोद शर्मा, वीर बहादुर, सुमित यादव सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, विभिन्न इंटर कॉलेजों के शिक्षक, प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं एवं एनसीसी कैडेट्स भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विश्व पर्यावरण दिवस पर बिल्सी में चला वृहद वृक्षारोपण अभियान

Spread the loveविधायक हरीश शाक्य के नेतृत्व में लगाए गए छायादार एवं फलदार पौधे, पर्यावरण …

error: Content is protected !!