फतेहगंज पश्चिमी — संवाददाता
फतेहगंज पश्चिमी। कस्बा फतेहगंज पश्चिमी-रहपुरा रोड स्थित महेंद्र गायत्री अस्पताल एवं तिलोकचंद डिग्री कॉलेज में स्थानीय भाजपा कार्यालय पर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मीरगंज क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, संजय चौहान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। सभी ने अटल जी के आदर्शों और उनके पद चिन्हों पर चलने का संकल्प दोहराया।
मुख्य अतिथि चौधरी देवेंद्र सिंह ने अटल बिहारी वाजपेई के जीवन के प्रेरक प्रसंग साझा किए। उन्होंने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के आधार स्तंभ थे, उनकी ईमानदारी, अविस्मरणीय कार्यशैली और “अजातशत्रु” के रूप में छवि अत्यंत दुर्लभ थी।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने अटल जी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की और देश में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया। उन्होंने कुछ कविताओं के माध्यम से अटल जी की यादें ताजा की और सभी कार्यकर्ताओं को अपने कर्तव्यों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने अटल बिहारी वाजपेई एवं महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती पर दोनों महान विभूतियों को भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व बहुआयामी, सरल, दूरदर्शी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी आस्था से युक्त था। तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल जी पक्ष और विपक्ष दोनों के सम्माननीय नेता थे।
जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने अटल जी के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसिद्धांत और सुशासन का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी के लिए अटल जी के आदर्श अनुकरणीय हैं और राजनीति में ऐसे महान व्यक्तित्वों की आवश्यकता है जो राष्ट्र प्रेम को निजी स्वार्थ से ऊपर रखें।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, सत्येंद्र सिंह यादव, गन्ना समिति चेयरमैन तेजपाल गंगवार, विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान, पूर्व चेयरमैन कृष्ण पाल मौर्या, सभासद प्रदीप गुप्ता, शाही चेयरमैन वीरपाल मौर्य सहित अनेक स्थानीय नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेई के योगदान और उनके आदर्शों को याद कर उन्हें नमन करते हुए राष्ट्र सेवा और समाज कल्याण में उनकी जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया गया।
Budaun Amarprabhat