स्लग : बिल्सी (बदायूँ)

संवाददाता : गोविंद देवल
समाजवादी पार्टी के बदायूँ संसदीय क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने मंगलवार को अपने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र बिल्सी में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत कछला, नगर पालिका उझानी के साथ ही ग्राम कुडानरसिंह, संजरपुर, रिसौली, सिरसोल, बांस बरौलिया, गड़रपुरा, मूसेपुर एवं रमनगला का भ्रमण कर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं।
ग्राम रमनगला में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद आयोजित PDA पंचायत को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। पढ़े-लिखे युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार के पास रोजगार देने की कोई ठोस नीति नहीं है।
उन्होंने कहा कि संविधान खतरे में है और भाजपा सरकार इसकी मूल भावना—समानता, सामाजिक न्याय और लोकतंत्र—को कमजोर कर रही है। समाज को बांटकर वोट की राजनीति की जा रही है, ताकि जनता का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई और विकास जैसे मूल मुद्दों से हटाया जा सके। ऐसे समय में हर वर्ग को एकजुट होकर अपने एक-एक वोट की ताकत से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करनी होगी।
महंगाई पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता की कमर टूट रही है। किसानों को खाद की कमी, आवारा पशुओं की समस्या और महंगी बिजली का सामना करना पड़ रहा है, जिससे खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अपराध बढ़ रहे हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, जो भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाता है।
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि माननीय अखिलेश यादव की PDA नीति सामाजिक न्याय और समान विकास की मजबूत आधारशिला है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार, महिलाओं को पेंशन, छात्रों को लैपटॉप और किसानों को सम्मान दिया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर प्रदेश में विकास, भाईचारा और सामाजिक न्याय की सरकार बनाई जाएगी।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रेमपाल सिंह यादव, सुनील यादव, उदयवीर शाक्य, देवेंद्र गौतम, मुबीन फरीदी, भूपेंद्र दिवाकर, अखिलेश यादव, अनिल यादव, ध्रुव यादव, अनवर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat