संवाददाता : दानवीर सिंह
आसफपुर (बदायूं) स्थित स्थानीय विद्युत उपखंड कार्यालय पर शनिवार को विद्युत उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। क्षेत्र के बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिल जमा कर सरकार की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ उठाया।
बिजली बिल जमा करने एवं ओटीएस योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। उपभोक्ताओं में योजना को लेकर खासा उत्साह देखा गया, क्योंकि इससे पुराने बकाया बिलों में राहत मिल रही है।
विद्युत विभाग के कर्मचारी राहुल कुमार एवं जितेंद्र कुमार शर्मा ने मौके पर मौजूद रहकर विद्युत बकायेदार उपभोक्ताओं का रजिस्ट्रेशन किया और उन्हें योजना की जानकारी दी। विभागीय कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा में ओटीएस योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया बिजली बिलों का निस्तारण करें।
उपभोक्ताओं का कहना है कि ओटीएस योजना से उन्हें ब्याज व पेनाल्टी में राहत मिली है, जिससे बकाया बिल जमा करना आसान हुआ है। विद्युत विभाग की इस पहल से क्षेत्र में बिजली बिल बकाया कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Budaun Amarprabhat