Breaking News

तनावमुक्त रहकर कार्य करने पर डीएम ने अधिकारियों को किया प्रेरित, 600 से अधिक रहे उपस्थित

Spread the love

संवाददाता: काजल मिश्रा
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में “तनाव से मुक्त रहकर प्रभावी ढंग से कार्य कैसे करें” विषय पर अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में एक विचार-विमर्श गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, लेखपाल एवं पंचायत सचिव सहित लगभग 600 अधिकारी व कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा करीब 100 प्रकार की प्रेरणादायी पुस्तकें अधिकारियों व कर्मचारियों को भेंट की गईं।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घर-परिवार और कार्य के बीच संतुलन बनाते हुए तनावमुक्त एवं प्रसन्नचित्त होकर कार्य करना है। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों और संघर्षपूर्ण जीवन कथाओं के माध्यम से अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि मेहनत और ईमानदारी से किया गया छोटा-सा कार्य भी व्यक्ति की पहचान बनाता है, इसलिए स्वयं को अनावश्यक जोखिम में न डालें।
जिलाधिकारी ने कहा कि तनावमुक्त रहकर कार्य करने के साथ-साथ परिवार और बच्चों के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। आज के तेज रफ्तार जीवन में तनाव को समझना और उससे निपटना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें खरीदने से अधिक महत्वपूर्ण है उन्हें पढ़ना और जीवन में उतारना। कार्य के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए आमजन की सहायता करने का आह्वान किया, ताकि लोग उन्हें सकारात्मक दृष्टि से याद रखें। भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने, मानसिक व्यायाम करने तथा कार्यों में तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर भी उन्होंने जोर दिया।
डीएम ने बताया कि जनवरी, फरवरी एवं मार्च माह के कार्य मूल्यांकन के आधार पर प्रत्येक तहसील से तीन-तीन लेखपाल और पंचायत सचिवों को पुरस्कृत किया जाएगा। अंत में उन्होंने जनपद की बेहतर रैंकिंग के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसी प्रकार समन्वित प्रयासों से कार्य करते रहने का आह्वान किया।
गोष्ठी के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने भी अपने अनुभव साझा किए और उपस्थित अधिकारियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर अधिकारी न्यायिक राशिद अली, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी, लेखपाल एवं पंचायत सचिव मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जैन संत बालाचार्य अभिनंदन सागर जी का बिल्सी में मंगल प्रवचन

Spread the loveबिल्सी। बिसौली रोड स्थित श्री पदम प्रभु दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र पद्मांचल …

error: Content is protected !!