Breaking News

शीतलहर में गन्ना किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, चीनी मिलों को विशेष निर्देश

Spread the love

संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में गन्ना किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश सरकार ने शीतलहर के दौरान किसानों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं राज्यमंत्री संजय गंगवार के मार्गदर्शन में अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास वीना कुमारी के निर्देशों के अनुपालन में आयुक्त, गन्ना एवं चीनी उत्तर प्रदेश द्वारा समस्त चीनी मिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
गन्ना आयुक्त ने बताया कि गन्ना किसान प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रदेश की सभी चीनी मिलों को मिल यार्ड एवं गन्ना क्रय केंद्रों पर अलाव जलाने, छायादार शेड, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से रात्रि के समय तापमान में अधिक गिरावट को देखते हुए मिल यार्ड में सुरक्षित ढंग से अलाव जलाने को कहा गया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना अथवा पर्यावरणीय क्षति न हो।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में चीनी मिलों द्वारा गन्ना खरीद मिल गेट पर चौबीस घंटे तथा बाहरी गन्ना खरीद केंद्रों पर सूर्योदय से सूर्यास्त तक की जाती है। ऐसे में यार्ड प्रबंधन सुव्यवस्थित होना आवश्यक है, जिससे किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। मिल प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि किसान कम से कम समय में अपने गन्ने का वजन करा सकें और प्रतिकूल मौसम का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से चीनी मिल परिसरों का निरीक्षण करें, किसानों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी लें और किसी भी व्यावहारिक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। सभी चीनी मिल परिसरों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सुथरा व सुरक्षित वातावरण तथा सुगम आवागमन मार्ग उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
गन्ना आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि गन्ना किसान को मिल गेट पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शीतलहर के दौरान उन्हें हर संभव राहत प्रदान की जाए।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विश्व पर्यावरण दिवस पर दबतोरी चौकी परिसर में किया गया वृक्षारोपण

Spread the loveदबतोरी -विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दबतोरी चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार के …

error: Content is protected !!