संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूँ।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने रविवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता अपनी दावे और आपत्तियां आगामी 06 फरवरी 2026 तक प्रस्तुत कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान अवनीश राय ने कन्या जूनियर हाई स्कूल शेखूपुर, नौशेरा सिविलियन विद्यालय, देवनागरी इंटर कॉलेज उझानी, राधेलाल इंटर कॉलेज कछला आदि मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी बीएलओ, सुपरवाइज़र और अन्य अधिकारियों से कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों का मतदाता पहचान पत्र सुनिश्चित किया जाए और निर्वाचक नामावली से जुड़े सभी कार्य निष्पक्ष, सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्रारूप 6, 7, 8 सहित अन्य प्रारूपों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद बदायूँ की समस्त विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
निर्वाचक नामावली का प्रारूप 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित किया गया था। दावे एवं आपत्तियां 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। नामावलियों से संबंधित सुनवाई, सत्यापन एवं निर्णय की प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 तक पूरी की जाएगी, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान साप्ताहिक दावे एवं आपत्तियों का विवरण एनआईसी बदायूँ की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव शर्मा, एसडीएम सदर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat