
बिल्सी | संवाददाता: गोविंद देवल
नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय, कमलेश वार्ष्णेय, विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, राज कुमार गुप्ता, साधना वार्ष्णेय, श्रीमती वीना गुप्ता, डॉ. मेघा वार्ष्णेय एवं विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी मौजूद रहीं।
विदाई समारोह के दौरान विद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। इस दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपने शिक्षकों के सहयोग और मार्गदर्शन को कभी नहीं भूलेंगे तथा उनसे सीखे गए शिष्टाचार को सदैव याद रखेंगे।
कार्यक्रम में मिस्टर और मिस फेयरवेल का खिताब तन्मय मौर्या और वंशिका माहेश्वरी को मिला। उन्हें विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, साधना वार्ष्णेय, श्रीमती वीना गुप्ता एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी द्वारा क्राउन और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय चेयरमैन नरेन्द्र बाबू वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता व्यक्ति की सोच पर निर्भर करती है। यदि सोच सकारात्मक और लक्ष्य के प्रति समर्पित हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं साधना वार्ष्णेय ने कहा कि जीवन में विद्यालय, कॉलेज और कार्यस्थल से विदा लेना पड़ता है, लेकिन वहां से प्राप्त ज्ञान जीवन भर साथ रहता है। उन्होंने कक्षा 12 के विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा विद्यार्थियों के भविष्य में अवश्य उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
Budaun Amarprabhat