
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूँ। जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बरेली-मथुरा एक्सप्रेस-वे (एनएच-530 बी) का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने 166 किलोमीटर से 179 किलोमीटर तक, बदायूं बाईपास क्षेत्र का जायजा लेते हुए कार्य की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीएम ने निर्माण कार्य में सुरक्षात्मक मानकों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शर्मा ने बताया कि एक्सप्रेस-वे का निर्माण फोरलेन के रूप में किया जा रहा है। यह परियोजना चार पैकेज में हाइब्रिड एन्युटी मोड पर संचालित है।
उन्होंने बताया कि प्रथम पैकेज की लागत करीब 2500 करोड़ रुपए है, जिसका कार्य पूर्ण हो चुका है। द्वितीय पैकेज की लागत लगभग 1200 करोड़ रुपए है, जिसमें 55 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। तृतीय पैकेज (1100 करोड़ रुपए) का 16 प्रतिशत और चतुर्थ पैकेज (700 करोड़ रुपए) का 6 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
परियोजना निदेशक ने बताया कि संपूर्ण एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि आमजन को भविष्य में सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat