15 मार्च 2026 को होगी दूसरी FLNAT परीक्षा, तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सभागार बदायूं में सोमवार को ‘उल्लास जन-जन साक्षर नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत समावेशी शिक्षा विषय पर मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रत्येक विकासखंड से दो-दो मास्टर ट्रेनर्स को शिक्षक प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक प्रशिक्षण पी.सी. श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए बताया कि केंद्र प्रायोजित योजना उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम वित्त वर्ष 2022-23 से संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत शिक्षार्थियों के कौशल आकलन एवं उन्हें साक्षर प्रमाणित करने के उद्देश्य से वित्त वर्ष 2025-26 की प्रथम मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा (FLNAT) 21 सितंबर 2025 को देशभर में सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि दूसरी FLNAT परीक्षा 15 मार्च 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा यू-डाइस के अंतर्गत पंजीकृत विद्यालयों में संपन्न होगी, जिसमें समझ के साथ पढ़ना, लिखना एवं अंकगणित—इन तीन कौशलों का आकलन किया जाएगा।
प्रश्नोत्तर पुस्तिकाएं राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान द्वारा हिंदी एवं अंग्रेजी में तैयार कर राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को उपलब्ध करा दी गई हैं। आवश्यकता होने पर अतिरिक्त प्रश्नपत्रों की मांग भी की जा सकती है।
निर्देश दिए गए कि सभी राज्य व केंद्र शासित प्रदेश 28 फरवरी 2026 तक परीक्षा आयोजन की पुष्टि करें। प्रत्येक शिक्षार्थी का पंजीकरण निर्धारित प्रारूप में तत्काल प्रारंभ किया जाए तथा अंतिम संख्या 7 मार्च 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए।
प्रशिक्षण में क्यूसी सौरभ कुमार सक्सेना, पुष्पेंद्र शर्मा, विजय कुमार सिंह, डॉ. समीउद्दीन, दीपेश कुमार, विवेक तोमर, अंश कुमार, मजहर अहमद, प्रगति कुमार, श्यामलाल पंवार, देवकी नंदन, मनोज बंसल, राकेश कुमार आर्य, नाजिश हुसैन, राहुल, शिवानी सक्सेना, मीनाक्षी सक्सेना, प्रदीप कुमार पाठक, सोनू सिंह सागर, आशीष कुमार गुप्ता, जमीर अहमद, रजनीश मौर्य, योगेंद्र कुमार सागर, केंद्र मान सिंह, हेमलता यादव, ब्रज लता, आरती, अजीत सिंह, शोएब अहमद, अंकुश गुप्ता, उमेश कुमार सिंह गंगवार, वीरपाल सिंह, कुमार सिंह, बृजेश कुमार, गौरव गुप्ता, गोविंद सिंह सहित अन्य मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat