Breaking News

रेलवे कुलियों के समायोजन की मांग तेज, लखनऊ में राष्ट्रीय लोक मोर्चा–राष्ट्रीय कुली मोर्चा की अहम बैठक

Spread the love

संवाददाता: गोविंद देवल, लखनऊ
लखनऊ। देशभर के रेलवे स्टेशनों पर कार्यरत हजारों कुलियों के भविष्य, सामाजिक सुरक्षा और स्थायी समायोजन को लेकर मंगलवार को लखनऊ में अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राष्ट्रीय लोक मोर्चा और राष्ट्रीय कुली मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव जॉय बनर्जी और राष्ट्रीय कुली मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक राम सुरेश यादव ने स्पष्ट कहा कि वर्ष 2008 के पैटर्न पर देशभर के रेलवे कुलियों का समायोजन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक तकनीक, एस्केलेटर, लिफ्ट और ट्रॉली सेवाओं के बढ़ते उपयोग से कुलियों की आजीविका पर गहरा संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में सरकार का दायित्व है कि वर्षों से सेवा दे रहे मेहनतकश कुलियों को रेलवे में समायोजित कर सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और स्थायित्व प्रदान करे।
जॉय बनर्जी ने कहा कि कुली वर्षों से रेलवे की रीढ़ रहे हैं, लेकिन आज वे असुरक्षा और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि कुलियों की मांगों को संसद में प्रमुखता से उठाया जाएगा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा के माध्यम से केंद्र सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (महिला मोर्चा) सुमिता बनर्जी भी मौजूद रहीं। निर्णय लिया गया कि मार्च माह में रेलवे के 16 जोनों और 68 मंडलों के जोनल व मंडल कुली अध्यक्ष नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष से भेंट करेंगे।
साथ ही, पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सह मुख्य प्रवक्ता ए.के. बाजपाई और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पृथ्वीराज यादव के मार्गदर्शन में जॉय बनर्जी के नेतृत्व में कुलियों का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करेगा।
बैठक में उपस्थित सैकड़ों रेलवे कुलियों ने पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जोरदार करतल ध्वनि से हर्ष व्यक्त किया और विश्वास जताया कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

आश्रम के दिव्यांग बच्चों के लिए एक वाशिंग मशीन भेंट की।

Spread the loveबिसौली। जायन्ट्स ग्रुप बिसौली सिटी द्वारा मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केन्द्र …

error: Content is protected !!