बदायूं। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में ब्लॉक जगत के गांव दारा नगर निवासी रिषभ शर्मा ने 116वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। यह उनकी दूसरी कोशिश थी। पहले प्रयास में सफलता न मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी।
रिषभ शर्मा के पिता संजीव शर्मा एलआईसी में मैनेजर सेल्स के पद पर मेरठ में तैनात हैं, जबकि उनकी मां आभा शर्मा मुरादाबाद में एलआईयू इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। दो भाइयों में बड़े भाई दिव्यांश शर्मा बेंगलुरु की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
रिषभ ने मुरादाबाद के डीपीएस कॉलेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू कॉलेज से बीटेक किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में इंजीनियर की नौकरी मिल गई, लेकिन लंबे समय तक कंप्यूटर के सामने बैठकर काम करना उन्हें पसंद नहीं आया।
करीब छह महीने नौकरी करने के बाद वर्ष 2023 में उन्होंने नौकरी छोड़ दी और यूपीएससी की तैयारी करने का फैसला किया। मुरादाबाद लौटकर उन्होंने घर पर ही ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 10 से 12 घंटे पढ़ाई की। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
दूसरे प्रयास में उन्होंने 116वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस उपलब्धि पर घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
Budaun Amarprabhat