संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आयोजित तृतीय अंतरजनपदीय कुश्ती क्लस्टर (महिला/पुरुष) पुलिस खेल प्रतियोगिता वर्ष-2026 का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग के मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें बरेली जोन के नौ जनपदों के करीब 200 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया।
समापन के दिन खेले गए फाइनल मुकाबलों में बॉक्सिंग पुरुष वर्ग के 86 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं के अंकित खोखर ने अमरोहा के अंकित कुमार को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्रीको रोमन कुश्ती के 87 किलोग्राम भार वर्ग में बरेली के हरेन्द्र ने अमरोहा के राहुल तोमर को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। आर्म रेसलिंग पुरुष वर्ग के 110 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं के मुकेश देवल ने पीलीभीत के रोहित राज को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग के परिणाम
कुश्ती फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में बदायूं ने 45 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि मुरादाबाद 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। ग्रीको रोमन कुश्ती में बिजनौर ने 30 अंकों के साथ पहला और बदायूं ने 24 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रामपुर 28 अंकों के साथ पहले और बदायूं 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। आर्म रेसलिंग में शाहजहांपुर ने 31 अंकों के साथ पहला तथा बदायूं ने 24 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में बदायूं ने 40 अंकों के साथ पहला और शाहजहांपुर ने 18 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग के परिणाम
महिला कुश्ती प्रतियोगिता में बदायूं ने 41 अंकों के साथ पहला और बरेली ने 14 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। बॉक्सिंग में भी बदायूं ने 44 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि शाहजहांपुर 25 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। आर्म रेसलिंग में बरेली 15 अंकों के साथ पहले और बदायूं 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बॉडी बिल्डिंग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में शाहजहांपुर की प्रतिज्ञा पांडेय प्रथम और बदायूं की नेहा द्वितीय रहीं, जबकि 55+ किलोग्राम वर्ग में मुरादाबाद की पुष्पा चाहर प्रथम और बरेली की वंदना द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में शैवर अली खान (एनआईएस), दिलीप जोशी (आर्म रेसलिंग कोच), जितेंद्र राणा (उप्र पुलिस कुश्ती कोच) और राजीव कुमार (एनआईएस) का विशेष योगदान रहा। इनके निष्पक्ष निर्णयों से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
Budaun Amarprabhat