संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। थाना दातागंज पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी बरामद कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के आदेश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दातागंज के.के. तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना दातागंज पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को ग्राम छछऊ निवासी मोनू, शादाब और गोविंद सिंह ने योजना बनाकर वादिनी के खेत में उसके पुत्र राजेश कुमार शर्मा के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। घटना में राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
इस मामले में थाना दातागंज में मुकदमा संख्या 067/2026 धारा 103(1), 61(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों मोनू प्रताप सिंह पुत्र स्व. ओमपाल सिंह, शादाब हुसैन पुत्र शौकत अली और गोविंद कुमार पुत्र सुरेन्द्रपाल सिंह निवासी ग्राम छछऊ थाना दातागंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त स्वराज 735 एफई ट्रैक्टर बरामद किया है। गिरफ्तारी निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के कैल्याई-छछऊ अंडरपास के पास से की गई।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ की।
Budaun Amarprabhat