संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। उत्तर प्रदेश सरकार की पीएम पोषण योजना के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा स्काउट भवन में जनपद स्तरीय रसोइया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न ब्लॉकों से आई रसोइयों ने निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार कर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सी.एल. यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी करण सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रिया त्रिपाठी और एमडीएम प्रभारी हिना खान ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बेसिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के पोषण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रसोई माताओं के कंधों पर होती है और वे अपने बच्चों की तरह ही छात्रों का ख्याल रखती हैं। प्रतियोगिता में नगर क्षेत्र सहित 15 ब्लॉकों की कुल 30 रसोइयों ने भाग लिया।
निर्णायक मंडल में सी.एल. यादव, आर.पी. सिंह, सिंह हवेली के मुकेश सिंह और नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज की प्रवक्ता शहनाज बानों शामिल रहीं। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 10 बच्चों ने भोजन का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता का आकलन किया। निर्णायकों ने स्वच्छता, वेशभूषा, मसालों के उपयोग, स्वाद और गुणवत्ता के आधार पर प्रतिभागियों को अंक दिए।
प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय माझिया जगत की सीमा ने प्रथम स्थान, उच्च प्राथमिक विद्यालय कलौरा दातागंज की दीप कुमारी ने द्वितीय स्थान तथा प्राथमिक विद्यालय नसीरपुर गोसू सहसवान की शाकरा बेगम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र के साथ प्रथम स्थान पर 3500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 2500 रुपये और तृतीय स्थान पर 1500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी रसोइयों को 650 रुपये की प्रोत्साहन राशि उनके खातों में भेजी जाएगी।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रिया त्रिपाठी ने भोजन में प्रयुक्त दाल, चावल, आटा, नमक, मिर्च और अन्य मसालों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने रसोई माताओं को खाद्य सामग्री की शुद्धता पहचानने और मिलावट से बचने के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्काउट के जिला संगठन आयुक्त मुहम्मद असरार, पूर्व जिला प्रशिक्षण आयुक्त संजीव शर्मा, राहुल कुमार चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभात कुमार और फरहत हुसैन ने संयुक्त रूप से किया।
Budaun Amarprabhat