बिसौली। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के नगर पंचायत मुंडिया धुरेकी में एम-एफ हाईवे स्थित सत्या ट्रेडर्स मॉल में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा मॉल इसकी चपेट में आ गया। रात के सन्नाटे में उठती ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान तक फैलता धुएं का गुबार देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि देर रात अचानक मॉल से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरे मॉल को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग की भीषण लपटें देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जबकि कुछ देर बाद बदायूं और संभल जनपद से दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किया। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में करीब पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में मॉल के अंदर रखा अधिकांश सामान जलने लगा और पूरा परिसर धधक उठा। मॉल के मालिक संजय गर्ग के मुताबिक आग लगने से मॉल में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Budaun Amarprabhat