
संवाददाता: गोविंद देवल, उझानी (बदायूँ)
उझानी। एपीएम पीजी कॉलेज में नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित कलश सजाओ एवं भजन प्रतियोगिता ने परिसर को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया। छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के निदेशक डॉ. एम एस ए अग्रवाल एवं चीफ प्रॉक्टर डॉ. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
कलश सजाओ प्रतियोगिता में कुमारी मोहिनी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कुमारी ज्योति द्वितीय और कुमारी अलीशा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं भजन प्रतियोगिता में कुमारी राधा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से प्रथम स्थान प्राप्त किया, कुमारी प्रियांशी शाक्य द्वितीय और छात्र आशीष तृतीय स्थान पर रहे।
निदेशक डॉ. अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। वहीं प्राचार्य डॉ. प्रशांत वशिष्ठ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. संजीव कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई
Budaun Amarprabhat