संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूँ
बदायूँ। कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में बुधवार को आयोजित बैठक में बच्चों के संरक्षण और कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने की, जिसमें मिशन वात्सल्य, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पीएम केयर योजना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के तहत 88 लाभार्थियों को सहायता दी गई, जबकि सामान्य श्रेणी में 323 बच्चों को लाभ मिला। स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 75 बच्चों को लाभान्वित किया गया और पीएम केयर योजना के तहत 3 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
एडीएम अरुण कुमार ने निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्रों तक पहुंचे और लंबित 19 आवेदन पत्रों का निस्तारण अगली बैठक से पहले हर हाल में किया जाए। साथ ही बाल कल्याण समिति के लंबित मामलों के शीघ्र निपटान और किशोर न्याय बोर्ड के मामलों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के तहत 8 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए और बाल संरक्षण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2025-26 में 72 बाल विवाह की सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 42 मामलों को समय रहते रोक दिया गया, जबकि 27 सूचनाएं गलत पाई गईं।
एडीएम ने निर्देश दिए कि बाल विवाह से जुड़े मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही ब्लॉक स्तर पर बाल संरक्षण समितियों और नगर निकायों में वार्ड बाल कल्याण समितियों की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत सभी उपस्थित अधिकारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, बाल संरक्षण इकाई का स्टाफ एवं संबंधित सदस्य मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat