बदायूँ। जिले की नदियों को पुनर्जीवित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार को विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में “महावा नदी” के पुनरोद्धार एवं कायाकल्प की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।
बैठक में बताया गया कि पुनरोद्धार के लिए चयनित महावा नदी अमरोहा जनपद से निकलकर संभल होते हुए सहसवान क्षेत्र में प्रवेश करती है और लगभग 48 किलोमीटर की दूरी तय कर कछला गंगा में मिलती है।
सीडीओ केशव कुमार ने निर्देश दिए कि नदी के चिन्हांकन, मैपिंग और कायाकल्प की विस्तृत कार्ययोजना ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत तैयार की जाए। साथ ही राजस्व, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को नदी के बहाव क्षेत्र का सीमांकन करने के निर्देश दिए गए।
नदी क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अतिक्रमण की पहचान कर उसे हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही सिंचाई विभाग को वर्षाकाल से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने अतिक्रमण किया है तो वह 7 दिन के भीतर स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन कार्रवाई कर खर्च की वसूली संबंधित व्यक्ति से करेगा।
सीडीओ ने राजस्व और पंचायतीराज विभाग को निर्देश दिए कि नदी के भौगोलिक चिन्हांकन का कार्य 10 अप्रैल 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। बैठक में नमामि गंगे परियोजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat