25 छात्रों ने 90% से अधिक अंक लाकर बढ़ाया मान, एंग्लो वैदिक स्कूल का दबदबा
संवाददाता: गोविंद देवल, संभल/बहजोई
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में बहजोई के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष नगर के कुल 25 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया।
एंग्लो वैदिक स्कूल रहा अव्वल
रिजल्ट में एंग्लो वैदिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दबदबा देखने को मिला, जहां से सर्वाधिक 18 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए। इसी स्कूल के छात्र श्रेयांश जैन ने 97% अंक हासिल कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बहजोई नगर में पहला स्थान प्राप्त किया।
अन्य स्कूलों ने भी दिखाई प्रतिभा
सिल्वर स्टोन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 5 छात्रों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जिसमें सक्षम गुप्ता 96% अंकों के साथ विद्यालय टॉपर रहे। वहीं बालाजी इंटरनेशनल स्कूल के 2 विद्यार्थियों ने भी 90% से अधिक अंक प्राप्त किए। यहां विधि वासुदेव ने 95% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मिठाई बांटकर मनाया जश्न
रिजल्ट घोषित होते ही विद्यालयों और छात्रों के घरों में खुशी का माहौल बन गया। एंग्लो वैदिक स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों ने मेधावी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
Budaun Amarprabhat