शकील बदायूंनी पार्क के जीर्णोद्धार से लेकर पार्किंग-बैडमिंटन कोर्ट तक योजनाओं को मंजूरी, दुकानों के नामांतरण व पुनर्निर्माण प्रस्ताव भी पास
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। सदर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को पालिका सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और पालिका संपत्तियों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
बैठक में 28 सदस्यों की उपस्थिति रही, जिसमें शासन द्वारा नामित सभासद भी शामिल थे। प्रमुख प्रस्तावों में शहर के सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्यों को मंजूरी दी गई। बोर्ड ने शकील बदायूंनी पार्क के जीर्णोद्धार के प्रस्ताव को हरी झंडी दी। इसके साथ ही घंटाघर क्षेत्र में पार्किंग के साथ बैडमिंटन कोर्ट विकसित करने की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा नेकपुर स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में फर्श निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में पालिका की दुकानों से जुड़े नामांतरण प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बाजार कारमेंकलगंज स्थित दुकान संख्या-56 को वारिस ज्योति वैश्य के नाम करने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं उझानी रोड स्थित दुकान संख्या-19 के नामांतरण को जहीर अहमद और फहीम अहमद के पक्ष में स्वीकृति दी गई।
हाल ही में हुए अग्निकांड से क्षतिग्रस्त दुकानों के पुनर्निर्माण को लेकर भी अहम फैसला लिया गया। कारमेंकलगंज की दुकान संख्या-57 व 58 के पुनर्निर्माण की अनुमति संबंधित प्रार्थी को नियमों के तहत प्रदान कर दी गई।
बैठक में सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया और सदस्यों ने अपने सुझाव भी रखे। अंततः सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर नगर के विकास के प्रति बोर्ड की प्रतिबद्धता को दर्शाया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने बैठक के अंत में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पारित प्रस्तावों को जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि आमजन को इसका सीधा लाभ मिल सके।
Budaun Amarprabhat