16-17 मई को बलरामपुर गार्डन में सजेगा भक्ति, भजन और सुंदरकांड का दिव्य दरबार
संवाददाता : गोविंद देवल
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में 16 और 17 मई को होने जा रहे भव्य “श्रीराम हनुमत महोत्सव 2026” का शुभारंभ सोमवार को उस समय खास बन गया, जब उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने आवास पर महोत्सव का पोस्टर लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के संयोजक विवेक पाण्डेय को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सनातन संस्कृति और जनजागरण का बड़ा माध्यम बताया।
हनुमत सेवा समिति की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय महोत्सव बलरामपुर गार्डन परिसर में प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगा। महोत्सव में भक्ति, संगीत, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और आध्यात्मिक व्याख्यानों की अनूठी श्रृंखला श्रद्धालुओं को भावविभोर करेगी।
विश्वविख्यात हनुमत संग्रहालय और रामनामी समाज बनेगा आकर्षण
महोत्सव में कृष्ण कुमार चौरसिया के विश्वविख्यात हनुमत संग्रहालय के दुर्लभ दर्शन कराए जाएंगे। वहीं पहली बार लखनऊ में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध रामनामी समुदाय से मिलने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर भी श्रद्धालुओं को मिलेगा।
संयोजक विवेक पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन प्रेम कान्त तिवारी करेंगे। 16 मई को मुंबई के प्रसिद्ध भजन गायक प्रेम प्रकाश दुबे सामूहिक 21 स्वर हनुमान चालीसा पाठ कराएंगे। इसके बाद नैमिषारण्य के प्रसिद्ध कथावाचक कपिल शास्त्री “और देवता चित्त न धरई, हनुमंत सेई सर्व सुख करई” विषय पर विशेष व्याख्यान देंगे।
रात्रि में “हनुमंत कृपा सम्मान” समारोह आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद भजनों की भव्य प्रस्तुति और दिव्य हनुमंत भंडारे का आयोजन होगा।
17 मई को सुंदरकांड और गंगा महाआरती से गूंजेगा परिसर
महोत्सव के दूसरे दिन दिल्ली के स्वर सम्राट अजय याज्ञनिक द्वारा सुंदरकांड का सस्वर सामूहिक पाठ कराया जाएगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय भजन गायक जय पांडे ‘कोकिल’ भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम का समापन गंगा महाआरती और दिव्य हनुमंत भंडारे के साथ होगा।
शहर के व्यापारियों और समाजसेवियों का भी मिला भरपूर सहयोग
महोत्सव में प्रसाद, भंडारा और छप्पन भोग के लिए शहर के कई प्रतिष्ठित व्यापारियों और समाजसेवियों ने सहयोग दिया है। बाबूलाल मिष्ठान भंडार, अरोड़ा डिपार्टमेंटल स्टोर, श्री बजरंग टायर्स, एम.डी. कुक्ड किराना स्टोर, गायत्री मिष्ठान भंडार समेत कई प्रतिष्ठानों ने आयोजन में सहभागिता निभाई है।
Budaun Amarprabhat