86 लाख रुपये से सड़क, नाला और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य शुरू, सभी समुदायों के क्षेत्रों में कराया जा रहा विकास
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रज़ा के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। पालिका प्रशासन द्वारा बिना किसी भेदभाव के शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला, पुलिया और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। करीब 86 लाख रुपये की लागत से 29 विकास कार्यों की सौगात शहरवासियों को दी गई है।
पालिका चेयरमैन फात्मा रज़ा ने कहा कि नगर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कराया जा रहा है। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी समुदायों के मोहल्लों में जरूरत के अनुसार निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे शहर को सुंदर और सुविधायुक्त बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 7 में चंदौसी मशीनरी स्टोर से रामचंद्र के मकान तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड 17 ऊपरपारा में फकरे आलम से शमशुल के मकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण, वार्ड 22 साहूकारा में गुरूदत्त शर्मा से पंडित सुशील कुमार वशिष्ठ के मकान तक सड़क निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं।
इसी प्रकार वार्ड 10 में मल्होत्रा ग्लास हाउस से नगर पालिका पश्चिमी गेट तक सड़क निर्माण, वार्ड 26 में मुन्ने भाई से अब्दुल हकीम के मकान तक सीसी सड़क, नेकपुर क्षेत्र में इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण, कलेक्ट्रेट परिसर में बैडमिंटन कोर्ट के लिए सीसी फ्लोरिंग तथा जिला न्यायालय परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है।
पालिका प्रशासन द्वारा जालंधरी सराय, काजीटोला, नई सराय, मैथोडिस्ट चर्च क्षेत्र, कल्याण नगर, शहबाजपुर, चौधरी सराय और नागरान समेत कई इलाकों में सड़क और नाली निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसके अलावा पथिक चौक से मीरा जी चौकी तक सड़क मरम्मत और टिकटगंज तिराहे पर आरसीसी स्लैब निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है।
पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि शहर में जहां वर्षों से सड़क, जलनिकासी और नालों की समस्याएं बनी हुई थीं, वहां अब योजनाबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
Budaun Amarprabhat