मुख्य बाजारों, सर्राफा क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संवाददाता : गोविंद देवल, बदायूं
आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शहर में संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार तथा भीड़भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
डीएम एवं एसएसपी ने त्योहार के मद्देनजर सभी पुलिस अधिकारियों को प्रतिदिन फुट पेट्रोलिंग करने तथा शहर में लगातार पुलिस की सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि त्योहार के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने रात्रि गश्त को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है, इसलिए पुलिस मोबाइल एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मी लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करें।
प्रशासन का उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, हर्षोल्लास एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराना है।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat