
आरके रिजॉर्ट में आयोजित फेयरवेल पार्टी में छात्रों ने साझा की यादें, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
संवाददाता : गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। बदायूं इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (BIMT) के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को शनिवार को शहर के आरके रिजॉर्ट में आयोजित भव्य फेयरवेल समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। “सयोंनारा- द नेक्स्ट चैप्टर” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में भावुकता, उत्साह और यादों का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम स्थल को आकर्षक लाइटिंग, गुब्बारों और थीम आधारित सजावट से सजाया गया था। प्रवेश द्वार पर बनाई गई फोटो वॉल और मेमोरी लेन विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहां कॉलेज जीवन के तीन वर्षों की यादगार तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, शायरी, संगीत प्रस्तुति और कॉमेडी स्किट के माध्यम से कॉलेज जीवन के अनुभवों और यादों को जीवंत कर दिया। अंतिम वर्ष के छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कई अवसरों पर माहौल भावुक हो उठा।
समारोह की अध्यक्षता कॉलेज के चेयरपर्सन मुकेश रस्तोगी ने की। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन का एक अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन जीवन का नया अध्याय अब शुरू हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कॉलेज के निदेशक अक्षज रस्तोगी, आशीष सिंघल और विकास आहूजा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। निदेशक अक्षज रस्तोगी ने कहा कि “सयोंनारा” का अर्थ नए सफर की शुरुआत है और विद्यार्थियों को जहां भी रहें, संस्थान का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए।
विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम को यादगार बताते हुए कहा कि इस थीम ने कॉलेज से जुड़ी तमाम यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया। उन्होंने कहा कि BIMT ने उन्हें केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की सीख भी दी है।
कार्यक्रम के अंत में समूह छायांकन, डीजे नाइट और विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के डीन अरविंद कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। समारोह के सफल आयोजन में चीफ प्रॉक्टर सौरभ सक्सेना, समस्त स्टाफ तथा आरके रिजॉर्ट प्रबंधन का सहयोग सराहनीय रहा।
Budaun Amarprabhat