कावड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
उसहैत। आगामी पवित्र श्रावण मास और कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना उसहैत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण अटैना घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और गोताखोरों की तैनाती से जुड़े सभी बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कावड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी आशेषनाथ सिंह तथा उसहैत थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार सहित अन्य प्रमुख प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
Budaun Amarprabhat