बदायूँ। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोरपाल प्रजापति के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बदायूँ की सड़कों पर उतरकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं एवं छात्रों पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था। इस विरोध मार्च में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान महासचिव कुमुद गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ विरोध मार्च जब भामाशाह चौराहे पर पहुँचा, तो पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी बल प्रयोग कर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच तीखी झड़प और काफी देर तक हीला-ह्यूज्जत हुई। इसके बाद आक्रोशित कांग्रेसी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और प्रशासन से गिरफ्तारी की मांग करने लगे। अंततः, क्षेत्राधिकारी नगर श्री राहुल पांडे की उपस्थिति में एसडीएम सदर को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कुमुद गंगवार का प्रमुख हस्तक्षेप रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला महासचिव मोरपाल प्रजापति ने दो टूक कहा कि देश के युवाओं और छात्रों पर जब तक यह सरकार उत्पीड़न की कार्रवाई करती रहेगी, तब तक बदायूं कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और लगातार सड़क पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी।
मुख्य अतिथि कुमुद गंगवार ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के ऊपर जिस तरह से बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया है, उसे कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में इसके खिलाफ आर-पार की लड़ाई जारी रखेगी।
विशिष्ट अतिथि ओमकार सिंह ने कहा कि निरंतर चल रहे आंदोलनों और संघर्षों की बदौलत आज भाजपा सरकार की शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल चुकी है।
पंचायती राज संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा पांडे ने दिल्ली जंतर-मंतर पर आंदोलन के दौरान महिलाओं और बच्चियों के साथ हुए अवांछित बर्ताव और वायरल फोटो-वीडियो का हवाला देते हुए दोषी पुलिसकर्मियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पूर्व सचिव श्रीमती रजनी सिंह ने भी सरकार की दमनकारी नीतियों की कड़ी निंदा की।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुरेश राठौर, श्रीमती सुनीता सिंह, वीरेश तोमर, गौरव सिंह राठौड़, डॉ. राम रतन पटेल, इदरीस तूफानी, प्रवक्ता उपासना चौहान, पूर्व प्रत्याशी ममता प्रजापति, छात्र नेता अर्जुन गंगवार, इगलास हुसैन, बन्ने खां, रियासत खान, चंद्रपाल कश्यप, धर्मपाल माथुर समेत सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन ओमप्रकाश प्रजापति ने किया।
Budaun Amarprabhat