साइबर सुरक्षा, बाल विवाह और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
बदायूं। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित विभागों की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कानूनों की जानकारी दी गई। शिविर में मादक पदार्थों से होने वाले नुकसान और बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की गई।
जेएसएचईडब्ल्यू प्रीति चौहान ने ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं और बच्चों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पति की मृत्यु के बाद पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता एवं आर्थिक सहायता तथा निराश्रित महिला की पुत्री के विवाह के लिए अनुदान जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।
वन स्टॉप सेंटर की ओर से डोली ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में बताया। केस वर्कर पुरुषोत्तम शर्मा ने महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 की जानकारी दी।
जिला बाल संरक्षण इकाई के सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह ने पॉश एक्ट तथा वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप और निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने मिशन वात्सल्य योजना और बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल श्रम, भिक्षावृत्ति आदि में लगे बच्चों की पहचान कर उनके संरक्षण और पुनर्वासन के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे को समस्या होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
शिविर में बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से बाल विवाह रोकने और बच्चों को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील की।
शिविर में महिलाओं और बच्चों ने योजनाओं एवं कानूनों की जानकारी में रुचि दिखाई। बताया गया कि सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी जिला प्रोबेशन कार्यालय, कलेक्ट्रेट बदायूं से प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक, सहायक पंचायत अधिकारी, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह, जेएसएचईडब्ल्यू प्रीति चौहान, केस वर्कर चाइल्ड हेल्पलाइन पुरुषोत्तम शर्मा एवं बाल परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat