डीएम ने बैठक कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायतों में कैंप की योजना इस प्रकार बनाई जाए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी मौके पर पहुंच सकें। सप्ताह में एक दिन निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों अथवा उनके प्रतिनिधियों की एक ही ग्राम पंचायत में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं और योजनाओं से जुड़े मामलों का मौके पर निस्तारण हो सके।
उन्होंने कैंप की तिथि और उपस्थित अधिकारियों की जानकारी पंचायत भवन की दीवार पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम चौपालों में ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिए कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जाए। ग्रामीणों को आवेदन करने में परेशानी न हो, इसके लिए मौके पर ही आवश्यक आवेदन कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि कैंप के बाद यह भी समीक्षा की जाए कि कितने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला और कितने मामलों का निस्तारण हुआ। अभियान की लगातार मॉनीटरिंग करते हुए की गई कार्रवाई से संबंधित लोगों को भी अवगत कराया जाए।
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ेगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियां भी जनभागीदारी के साथ संचालित की जाएंगी।
Budaun Amarprabhat