बदायूँ। जनपद में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने नवनिर्मित महिला आवास परियोजना के निर्माण कार्य का वैदिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और समाज की सुरक्षा में विभाग की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अभिन्न कड़ी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला पुलिसकर्मियों के कल्याण, सुरक्षा और आवासीय जीवन स्तर को बेहतर बनाना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जब कर्मचारियों को बुनियादी और सुरक्षित सुविधाएं मिलेंगी, तो वे और अधिक मानसिक शांति, ऊर्जा एवं मनोयोग से अपने शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगी।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने निर्माण कार्य से जुड़े संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता और मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने तय समय-सीमा के भीतर संपूर्ण परियोजना को पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। इस आधुनिक महिला आवास परिसर के तैयार होने से ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को आवास संबंधी समस्याओं से स्थायी निजात मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने विभाग के इस कल्याणकारी कदम की सराहना की।
Budaun Amarprabhat