बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को तहसील दातागंज के विकासखंड म्याऊं अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम हर्रामपुर का निरीक्षण किया। गांव का संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने और गांव में पानी भरा होने के कारण जिलाधिकारी नाव से गांव पहुंचे और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा विभाग की टीमों को प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पशु चिकित्सा विभाग की टीम अभी तक नहीं पहुंची है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने हर्रामपुर स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। वहां आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न मिलने पर संबंधित सचिव का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला में गोवंश के लिए चारा, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने ग्राम पत्रामई में बंधे और गंगा नदी के जलस्तर एवं बहाव की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने पाया कि गांव के अंदर पानी नहीं है, हालांकि पानी गांव की सीमा तक पहुंच रहा है और नदी का बहाव तेज है। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव सहित बाढ़ खंड और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat