बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद भर में अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक वांछित, दो वारंटी और अवैध असलहा रखने वाले दो शातिरों को दबोच कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
अभियान के तहत थाना बिसौली पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 135/2026, धारा 326(g)/61(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त अमित पंडित (पुत्र हरिदत्त शर्मा, निवासी शिव कॉलोनी, बिसौली) को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
वहीं, थाना कादरचौक पुलिस ने अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में वाद संख्या 352/2026 धारा 344 सीआरपीसी से जुड़े दो वारंटी अभियुक्तों—सूरजपाल (पुत्र लाल सिंह) और डाल चन्द्र (पुत्र चुन्नीलाल), निवासीगण ग्राम ललूआ नगला को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए अभियान में थाना हजरतपुर पुलिस ने बरेली के फतेहगंज पूर्वी निवासी जितिन को एक अदद 315 बोर के अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट व बीएनएस की सुसंगत धाराओं में चालान किया। उधर, थाना मुजरिया पुलिस ने भी ग्राम वसावनपुर निवासी शौकीन के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर उसे आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अपराधियों के विरुद्ध यह धरपकड़ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Budaun Amarprabhat