मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के स्टुडेंट्स की उत्कृष्ट प्रतिभा और पेशेवर दक्षता ने एक बार फिर यूनिवर्सिटी को गौरवान्वित किया है। प्रतिष्ठित अपोलो हॉस्पिटल, गुरूग्राम के लिए कैंपस ड्राइव में 17 नर्सिंग स्टुडेंट्स का चयन हुआ है। कैंपस ड्राइव में टीएमयू कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बीएससी नर्सिंग और जीएनएम के स्टुडेंट्स शामिल रहे। चयन प्रक्रिया के दौरान स्टुडेंट्स के विषयगत ज्ञान, संचार कौशल, व्यावहारिक समझ, आत्मविश्वास एवम् पेशेवर दृष्टिकोण का आकलन किया गया। टीएमयू कॉलेज ऑफ नर्सिंग की डीन प्रो. एसपी सुभाषिनी ने चयनित स्टुडेंट्स को बधाई देते हुए कहा, प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों में चयन यूनिवर्सिटी की गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा और स्टुडेंट्स की पेशेवर क्षमता में उद्योग के विश्वास को दर्शाता है। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या प्रो. जेसलीन एम. ने कहा, 17 स्टुडेंट्स का चयन उनके निरंतर परिश्रम, समर्पण एवम् पेशेवर तैयारी का परिणाम है। अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल सुश्री मैरीलाइन फ्लिन्सी ने कहा, स्टुडेंट्स के साथ संवाद एवम् चयन प्रक्रिया का अनुभव सकारात्मक और प्रभावी रहा। अपोलो हॉस्पिटल की चीफ नर्सिंग ऑफिसर सुश्री सीमा यादव बोलीं, चयनित स्टुडेंट्स में विषयगत ज्ञान के साथ सीखने की इच्छा, आत्मविश्वास और पेशेवर प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। टीएमयू के कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर के निदेशक श्री अरुण कुमार ने कहा, कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर का निरंतर प्रयास है, स्टुडेंट्स को उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और करियर आकांक्षाओं के अनुरूप प्रतिष्ठित संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
Budaun Amarprabhat