प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ समापन
नगर पालिका अशर्फी देवी कॉलेज उझानी और श्री दाताराम मैमोरियल इंटर कॉलेज असरासी बने ओवरऑल चैंपियन
बदायूं। स्काउट भवन एवं प्रशिक्षण केंद्र पर आयोजित प्रदेश स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच भव्य समापन हुआ। शिविर के दौरान स्काउट्स और गाइड्स ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आकर्षक ‘तंबुओं का शहर’ बसाया, जिसने सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गाइड वर्ग में नगर पालिका अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज (उझानी) तथा स्काउट वर्ग में श्री दाताराम मैमोरियल इंटर कॉलेज (असरासी) की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. डा. मनवीर सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासित युवा ही किसी भी राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव होते हैं। स्काउटिंग युवाओं के भीतर निःस्वार्थ सेवा, कुशल नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करती है। जिला सचिव आलोक कुमार पाठक ने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण और अनुशासन ही जीवन में सफलता की पहली सीढ़ी है। वहीं कोषाध्यक्ष एडवोकेट विनोद कुमार सक्सेना ने कहा कि स्काउटिंग का व्यवहारिक प्रशिक्षण युवाओं को एक श्रेष्ठ और जिम्मेदार नागरिक बनाता है।
शिविर के दौरान आयोजित तंबू निर्माण प्रतियोगिता में नगर पालिका अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज उझानी ने प्रथम, पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज ने द्वितीय और राजाराम महिला इंटर कॉलेज ने तृतीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल की भूमिका जिला मुख्यालय आयुक्त प्रेमपाल सिंह, प्रशिक्षक नंदराम शाक्य और एडवोकेट आदित्य यादव ने निभाई।
उत्कृष्ट योगदान के लिए गाइड कैप्टन रजनी कुमारी, प्रेमलता शर्मा, रेनू गुप्ता, डाल कुमारी, पुष्पा दिवाकर, रचना सक्सेना और माधव सिंह को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रवक्ता गिरिजेश कुमार, विभा कुमारी, अशोक शाक्य, विकास कुमार और किरन शाक्य उपस्थित रहे। शिविर का सफल संचालन जिला संगठन कमिश्नर मु. असरार और जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने किया।
Budaun Amarprabhat