बदायूं। पीडब्ल्यूडी की घोर लापरवाही के चलते जनपद की सड़कें मुसाफिरों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। ताजा मामला थाना उसावां क्षेत्र के अंतर्गत म्याऊं-दातागंज रोड का है, जहां साड़ी पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में बाइक सवार भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई-बहन बाइक से जा रहे थे, तभी मार्ग पर अचानक आए जानलेवा गड्ढे से बचने के चक्कर में वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत म्याऊं स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार हेतु भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि म्याऊं-दातागंज मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन बाइक, ई-रिक्शा और टेंपो पलट रहे हैं, जिससे मुसाफिर लगातार चोटिल हो रहे हैं। राहगीरों और वाहन चालकों द्वारा बार-बार आवाज उठाए जाने के बावजूद लोक निर्माण विभाग आंखें मूंदे बैठा है और मरम्मत की सुध नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat