बदायूं। ब्लॉक संसाधन केंद्र दातागंज में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट और गाइड के प्रादेशिक स्तर के तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं (स्काउट्स एवं गाइड्स) ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अनुशासन, राष्ट्रसेवा व टोली भावना का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन वार्ड सभासद ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने स्काउट ध्वज फहराकर किया। सभासद ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों के भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास, देशप्रेम और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि स्काउटिंग से जीवन जीने की कला सीखी जाती है; विद्यार्थी शिविर में सीखी गई बातों को आत्मसात कर समाज और देश के निर्माण में उपयोगी भूमिका निभाएं।
प्रशिक्षण सत्र में जिला संगठन कमिश्नर मो. असरार ने ध्वज शिष्टाचार, स्काउटिंग के इतिहास, उद्देश्य, प्रतिज्ञा और नियमों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि टोली पद्धति से कार्य करने से युवाओं में आपसी सहयोग, समन्वय और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं अथवा किसी भी विषम परिस्थिति में स्काउट धैर्य, साहस और निस्वार्थ भाव से सेवा के लिए तत्पर रहें।
प्रशिक्षण शिविर में जिला गाइड कैप्टन ज्योति सक्सेना और जिला स्काउट मास्टर सुदेश चंद्र के मार्गदर्शन में टोलियों का गठन किया गया और सदस्यों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर प्रशिक्षक और शिक्षक सत्यवीर, शाहीन परवीन, शाजिया, सपना गुप्ता, अंशु मिश्रा, माधुरी गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह, रामभेजी देवी और संध्या सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat