बदायूं। जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना उझानी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की वारदात में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी का महिन्द्रा ट्रैक्टर और ट्राली (मय 4 टायर व ट्यूब) बरामद कर ली गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी उझानी के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक सुरेशपाल सिंह मय पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस ने मु0अ0सं0 86/26 धारा 303(2) बीएनएस में वांछित तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बृजपाल पुत्र राजाराम (निवासी ग्राम मौहमदपुर बिहार, थाना बिनावर), सद्दाम पुत्र मुनव्वर (निवासी ग्राम सहोरा रिजौली, थाना मूसाझाग) और साजिद पुत्र सुभान अली (निवासी ग्राम बाकरपुर खरैर, थाना बिनावर) के रूप में हुई है।
घटना के अनुसार, बीते 9 मार्च 2026 को उझानी के मोहल्ला गंजशहीदा से महिन्द्रा ट्रैक्टर और ट्राली चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस सुराग जुटा रही थी। माल बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Budaun Amarprabhat