बदायूं। समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने सोमवार को सिविल लाइंस, डीएम रोड स्थित अपने निज निवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान जनपद के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दर्शन में नागरिकों ने सड़क, बिजली, पेयजल, जल निकासी, राजस्व विवाद, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और पुलिस से जुड़े मामलों को सांसद के समक्ष रखा। सांसद आदित्य यादव ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। जनहित से जुड़ी कई जटिल समस्याओं पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और नियमानुसार शीघ्र व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों के अलावा समाजवादी पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। जनता दर्शन के साथ-साथ क्षेत्र के विकास कार्यों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
सांसद आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनसेवा ही पार्टी की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लगातार जनता के बीच बने रहें, उनके सुख-दुख में साझीदार बनें और बुनियादी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनका समाधान कराने में मदद करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित के मुद्दों पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Budaun Amarprabhat