छात्राओं ने दी विश्व के हरबेरिया एवं वानस्पतिक उद्यानों पर प्रस्तुति
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित 15 दिवसीय स्टूडेंट्स सेमिनार श्रृंखला का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस शैक्षणिक सेमिनार का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में विषयगत ज्ञान, प्रस्तुतिकरण कौशल और शोध के प्रति रुचि विकसित करना है।
सेमिनार के पहले दिन बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने शोधपरक विषय प्रस्तुत किए। छात्रा पूर्णिमा तोमर ने ‘विश्व के हरबेरिया’ विषय पर व्याख्यान देते हुए पौधों की वैज्ञानिक पहचान करने, उन्हें हरबेरियम शीट के रूप में संरक्षित करने की तकनीकी विधियों और दुनिया भर के प्रमुख पादप संग्रहालयों में सुरक्षित दुर्लभ वनस्पतियों के बारे में विस्तार से बताया।
वहीं, दूसरी छात्रा शुभांशी सिंह ने ‘विश्व के वानस्पतिक उद्यान’ (बोटैनिकल गार्डन्स) विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त उद्यानों में पौधों की प्रजातियों के संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन और शोध कार्यों में उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने छात्राओं के प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे सेमिनार विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। सेमिनार का कुशल संचालन वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. सरिता ने किया। इस दौरान विभाग के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat