अमर प्रभात ब्यूरो
लखनऊ


उत्तर प्रदेश शासन ने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी नवीनतम आदेश के अनुसार, राज्य में 20 वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है। इस फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।
शीर्ष स्तर पर बड़े बदलाव
शासकीय सूची के मुताबिक, 1996 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ए. सतीश गणेश को अब अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर नियुक्त किया गया है, जबकि उनके पास से अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं, 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी भगवान एस. श्रीवास्तव को अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) के साथ-साथ अब अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
कई जिलों को मिले नए पुलिस कप्तान
इस स्थानांतरण एक्सप्रेस के तहत प्रदेश के कई जनपदों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में सौंप दी गई है:
• जौनपुर: जनपद बस्ती के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को अब जौनपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वह कुँवर अनुपम सिंह का स्थान लेंगे, जिन्हें पीएसी मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है।
• मुजफ्फरनगर: बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय को पदोन्नत करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुजफ्फरनगर की जिम्मेदारी दी गई है। निवर्तमान एसएसपी संजय कुमार को सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
• बागपत: पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय में स्टाफ ऑफिसर के पद पर तैनात पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
• बाराबंकी: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीमती रवीना त्यागी को बाराबंकी जनपद का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
• बस्ती: बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को अब जनपद बस्ती का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है।
• बलिया: गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक ईरज राजा को स्थानांतरित कर बलिया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
• मऊ: 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज के सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि मऊ के वर्तमान एसपी कमलेश बहादुर को मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ में लोक शिकायत विभाग का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
• गाजीपुर: जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को अब गाजीपुर जिले की कमान सौंपी गई है।
• जालौन: मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात सुरेश चन्द्र रावत को स्थानांतरित कर जनपद जालौन का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
• हापुड़: आजमगढ़ नगर के पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह को अब हापुड़ जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं हापुड़ के वर्तमान एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के पद पर भेजा गया है।
कमिश्नरेट और अन्य महत्वपूर्ण तैनातियां
प्रशासनिक फेरबदल के तहत बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पद पर भेजा गया है। इसके अलावा, प्रादेशिक स्तर पर युवाओं की तैनाती में बदलाव करते हुए आजमगढ़ (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक चिराग जैन को पुलिस अधीक्षक (नगर) बरेली बनाया गया है, जबकि बरेली (नगर) के पुलिस अधीक्षक मानुष पारीक को स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक (नगर) आजमगढ़ के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही, हरदोई के सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण को अपर पुलिस अधीक्षक, जनपद मथुरा के रूप में नई जिम्मेदारी मिली है।
शासन की ओर से जारी इस स्थानांतरण आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी अधिकारी अविलंब अपना नया कार्यभार संभाल सकें। इस फेरबदल को आगामी समय में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कसावट को बेहतर करने के एक रूटीन कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
Budaun Amarprabhat