बदायूं। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की सभी विधानसभाओं से विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। इसके बाद यात्रा महाराणा प्रताप चौक, भगवान परशुराम चौक, रोडवेज, भामाशाह चौक और जेल तिराहा होते हुए वापस कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। रंगकर्मियों ने नाटक का मंचन किया।
प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास में योगदान का उल्लेख किया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से प्रेरणा लेने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में नागरिकों की सहभागिता पर जोर दिया। इस दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता, हरीश शाक्य समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
संवाददाता गोविंद देवल
Budaun Amarprabhat