Breaking News

चराग़-ए-सुख़न की शेअरी नशिस्त में शायरों ने बेहतरीन कलाम पेश कर बांधा समां

Spread the love

बदायूं। बज़्म ‘चराग़-ए-सुख़न’ के तत्वावधान में मोहल्ला सोथा स्थित फ़रशोरी मंज़िल कार्यालय में मासिक तरही मुशायरे (शेअरी नशिस्त) का भव्य आयोजन किया गया। इस नशिस्त के लिए तरही मिसरा “तुम अपना रास्ता आसान रखना” तय किया गया था, जिस पर जनपद के नामचीन शायरों ने अपने बेहतरीन कलाम पेश कर महफिल में समां बांध दिया। श्रोताओं ने भी शायरों के हर शेर पर भरपूर दाद और तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुशायरे की अध्यक्षता उस्ताद शायर सुरेन्द्र कुमार ‘नाज़’ बदायूंनी ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट कुमार आशीष ने किया। महफिल का विधिवत आगाज़ शेखुपुर से आए शायर ख़ार शेखुपुरी ने नात-ए-पाक “जब भी सरकार-ए-दो आलम का इशारा होगा, हमको भी गुंबद-ए-ख़ज़रा का नजारा होगा” पढ़कर किया।
इसके बाद शायरी का दौर चला, जिसमें सादिक अलापुरी ने विरासत सहेजने का संदेश देते हुए पढ़ा— “विरासत में मिली है जो भी तुमको, सलामत अपनी वो पहचान रखना।” अध्यक्ष सुरेंद्र ‘नाज़’ बदायूंनी ने अपने अंदाज़ में कहा— “तू बेशक कर्ण-सी पहचान रखना, कवच कुंडल का लेकिन ध्यान रखना।” डॉ. शम्स मुजाहिदी ने बुजुर्गों के सम्मान की अहमियत बयां करते हुए पढ़ा— “ये आदत भी तरक्की का है ज़ीना, बुज़ुर्गों का हमेशा मान रखना।”
इसी क्रम में डॉ. ज़ाहिद अली दानिश ने कहा— “तिजारत के लिए लाज़िम है ये भी, कि पहले सोच में नुकसान रखना।” आज़म फ़रशोरी ने मोहब्बत का पैग़ाम देते हुए पढ़ा— “मुहब्बत के खिले हों फूल जिसमें, मिरे कमरे में वो गुलदान रखना।” वहीं कार्यक्रम संयोजक कुमार आशीष ने वतनपरस्ती का संदेश यूं दिया— “नज़र में आपके बेशक हो दुनिया, मगर दिल में ये हिंदुस्तान रखना।” ख़ार शेखुपुरी ने तरन्नुम से “इलाही मुझ पे ये फैज़ान रखना, हिफाज़त में तू मेरी जान रखना” पढ़कर वाहवाही लूटी।
अंत में संयोजक कुमार आशीष ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए घोषणा की कि बज़्म का अगला मासिक तरही मुशायरा 5 दिसंबर को आयोजित होगा। इस अवसर पर सालिम फ़रशोरी, कमाल नकवी और रजत गौड़ सहित अनेक साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

रामलीला मेले में मिले घर से लापता दो मासूम, अलापुर पुलिस ने परिजनों से मिलाया

Spread the loveअलापुर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम जगत से लापता हुए दो मासूम बच्चों …