विधायक महेश चंद्र गुप्ता सहित कई अधिकारियों ने किया ध्यान, तनावमुक्त जीवन का दिया संदेश
बदायूं। मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में श्री रामचंद्र मिशन एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क ध्यान शिविर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। 22 नवंबर को शुरू हुए शिविर में लगातार श्रद्धालुओं और जिज्ञासुओं ने पहुंचकर ध्यान की विधि सीखी। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान पर्व पर शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस दौरान नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने भी ध्यान सत्र में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि संस्था का लोगों को अवसाद और तनाव से बाहर निकालने का प्रयास सराहनीय है। अच्छी सोच विकसित होने से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
शिविर में जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक, मैनपुरी के जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्र सहित कई अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
शिविर को सफल बनाने में मध्यप्रदेश, पीलीभीत, बरेली और आगरा सहित विभिन्न स्थानों से आए प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा। मेले के शोरगुल के बीच श्रद्धालुओं ने कुछ ही मिनटों के ध्यान से मन की शांति और आंतरिक सुकून की अनुभूति की।
Budaun Amarprabhat