पिता से फोन पर बात कर बंधाया ढांढस
बदायूं। जनपद बदायूं के ग्राम आमगांव निवासी भारतीय सेना के वीर जवान नायक अंकुश पटेल का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। कर्तव्य पालन के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए उनके बलिदान होने से पूरे जनपद में शोक की लहर है। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शोकाकुल लोग उमड़ पड़े।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, लोकसभा में मुख्य सचेतक, लोक लेखा समिति के सदस्य एवं सांसद धर्मेन्द्र यादव ने शहीद अंकुश पटेल के पिता आदेश सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार का हाल जाना और इस कठिन समय में परिजनों को ढांढस बंधाया।
सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि देश की रक्षा और सम्मान के लिए वीर जवान अंकुश पटेल का सर्वोच्च बलिदान अत्यंत पीड़ादायक है। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम को सदैव याद रखा जाएगा तथा उनका त्याग हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि बदायूं ने अपना एक बहादुर बेटा खोया है, जिसकी क्षति शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती। सांसद ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Budaun Amarprabhat