बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नगला शिम्भू से लापता दो महिलाओं और एक बच्ची के मामले में सोमवार को पांचवें दिन एक और शव बरामद हुआ। एसडीआरएफ की टीम ने किन्नर नगला के पास गंगा नदी से शीला की बेटी रिया का शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
इससे एक दिन पहले रविवार शाम को रिया की नानी उर्मिला (45) का शव भी गंगा नदी से बरामद हुआ था। वहीं, रिया की मां शीला का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को शीला, उसकी मां उर्मिला और बेटी रिया घर से लापता हो गई थीं। अगले दिन 20 नवंबर को गंगा किनारे उनकी चप्पल और दुपट्टा मिलने के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने गंगा नदी में तलाश शुरू की थी।
उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि रिया का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लापता शीला की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम भी अभियान में जुटी है। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। परिजन शीला के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Budaun Amarprabhat