बदायूं। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदायूं पुलिस द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
पहली कार्रवाई थाना कुंवरगांव पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने शांति व्यवस्था के दृष्टिगत गांव युसूफनगर निवासी दो सगे भाइयों राजिद और शाहिद पुत्रगण नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 135 और 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना जरीफनगर क्षेत्र में की गई, जहां शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में थाना सहसवान के मोहल्ला अकबराबाद निवासी नरोत्तम पुत्र लक्ष्मन, तथा थाना जरीफनगर के कस्बा दहगवां निवासी राकेश पुत्र अन्तराम सिंह और उसका पुत्र दीपु शामिल हैं। जरीफनगर पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर माननीय न्यायालय सहसवान में पेश किया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अमन-चैन और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की निरोधात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Budaun Amarprabhat