बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उझानी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को पुलिस ने दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के एक मामले में संलिप्त अभियुक्त को शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
पुलिस के अनुसार, थाना उझानी में दो पक्षों के बीच मारपीट और धमकी देने के संबंध में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 438/26 (धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस) से संबंधित अभियुक्त फजले पुत्र हबीब, निवासी पंखिया नगला, थाना उझानी को पुलिस टीम ने दबोच लिया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त फजले का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना उझानी में वर्ष 2016 से लेकर 2026 तक हत्या के प्रयास (धारा 307), सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने (धारा 353, 323, 325) तथा धमकी देने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी को उपनिरीक्षक अविनाश पुण्ढीर और उनकी पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Budaun Amarprabhat