कुत्ते के चाटने से मासूम बच्चे की मौत, परिजनों में दहशत दो दर्जन लोग रेबीज के टीके लगवाने अस्पताल पहुंचे ।
सहसवान। कुत्ते द्वारा चाटने से एक मासूम बच्चे की रेबीज से मौत हो गई, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोग दहशत में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक बच्चे के दो दर्जन से अधिक परिजन और पड़ोसी रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए अस्पताल पहुंचे।
यह दर्दनाक घटना करीब दो महीने पहले की है। खेलते समय करीब दो वर्षीय अदनान पुत्र अनीस निवासी ग्राम सुजातगंज बेला को चोट लग गई थी, जिससे खून बहने लगा था। उसी दौरान पास के एक कुत्ते ने उसके घाव को चाट लिया था। परिजनों ने इसे सामान्य घटना मानकर अनदेखा कर दिया था, लेकिन कुछ दिन पूर्व बच्चे में रेबीज के लक्षण दिखने लगे। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे झाड़फूंक वाले के पास ले गए रविवार को उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भय का माहौल है। परिजनों ने बताया कि अगर समय रहते उन्हें रेबीज के खतरे की जानकारी होती, तो शायद बच्चे की जान बच सकती थी। अब इस घटना के बाद, परिवार और पड़ोस के लोग सतर्क हो गए हैं और एहतियात के तौर पर अस्पताल पहुंचकर रेबीज का टीका लगवा रहे हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डा0 प्रशांत त्यागी ने बताया कि यह घटना इस बात का दुखद उदाहरण है कि कुत्ते के काटने या चाटने से होने वाले रेबीज को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अगर किसी को भी जानवर (कुत्ते, बिल्ली, बंदर आदि) काट लें या घाव को चाट लें, तो तुरंत बिना देर किए रेबीज का टीका लगवाना चाहिए।
संवाददाता डाo राशिद अली खान सहसवान बदायूं ।
Budaun Amarprabhat