दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में महिला समेत तीन लोग गंभीर घायल
कछला-शाहबाद हाइवे पर हुआ हादसा, घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाइवे पर शनिवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव बिचौला के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बाइक पर थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव बगुला नगला निवासी इतवारी लाल पुत्र सरदार सिंह और उनका साथी सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर कासगंज जिले के गांव सिरावली निवासी सर्वेश कुमारी पत्नी विनोद कुमार कछला की ओर से आ रही थीं। जैसे ही दोनों वाहन गांव बिचौला के पास पहुंचे, अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बिल्सी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर बताई और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। हादसे की जानकारी पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यहां स्पीड ब्रेकर या चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।
Budaun Amarprabhat