चार ब्लॉकों की महिलाएं ले रहीं भाग
आसफपुर। स्थानीय क्षेत्रीय ग्राम्य विकास प्रशिक्षण संस्थान (आरआईटीडी) में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ‘सूक्ष्म उद्यम सखी’ विषयक पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वर्मा, प्रशिक्षण अधिकारी सर्वेश कुमार तथा कार्यक्रम प्रभारी हरीश उपाध्याय व वीर पाल सिंह के कुशल निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार सुबह ईश वंदना के साथ की गई।
कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक डीआरपी सुनील कुमार प्रतिभागियों को ग्रामीण स्तर पर गैर-कृषि व सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, बाजार लिंकेज और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के गुर सिखा रहे हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं में उद्यमिता कौशल को निखारकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
इस आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बदायूँ जनपद के विकास खंड अम्बियापुर, जगत, वजीरगंज और इस्लामनगर क्षेत्र की चयनित महिला प्रतिभागी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में ‘सूक्ष्म उद्यम सखी’ के रूप में कार्य करेंगी और ग्रामीण महिलाओं को छोटे-बड़े उद्यम शुरू करने व बैंक ऋण की सुविधा दिलाने में सहयोग करेंगी।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि यह आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक अनवरत रूप से संचालित रहेगा। प्रशिक्षण को प्रभावी व सफल बनाने के लिए संस्थान की पूरी टीम मुस्तैदी से जुटी हुई है।
Budaun Amarprabhat